सेवा और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया सांसद बंटी विवेक साहू का जन्मदिन,CM ने X पर दी बधाई

छिंदवाड़ा। सांसद बंटी विवेक साहू का जन्मदिन इस वर्ष पूरे जिले में सेवाभावी कार्यों और जनसेवा के संकल्प के साथ बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। यह पहला अवसर रहा जब न केवल भाजपा कार्यकर्ता बल्कि अनेक सामाजिक, स्वंयसेवी एवं विभागीय संगठनों ने भी सांसद के जन्मदिन को एक जनकल्याण पर्व के रूप में मनाया।

सोमवार मध्यरात्रि से ही जन्मदिन के कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई, जब युवा मोर्चा द्वारा परासिया रोड स्थित सांसद निवास के सामने केक काटा गया और आतिशबाज़ी की गई। अगली सुबह सांसद साहू ने अपने जन्मदिन को सेवा कार्यों को समर्पित करते हुए पोआमा स्थित आधार फाउंडेशन पहुँचकर दिव्यांग बच्चों के बीच केक काटा, उन्हें उपकरण भेंट किए और स्वयं भोजन परोसा।

इसके बाद उन्होंने वार्ड 42 की आंगनबाड़ियों में बच्चों को उपहार एवं जल केन वितरित किए, प्रियदर्शनी कॉलोनी के वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को भोजन परोसा और आशीर्वाद लिया। सांसद कार्यालय के सामने कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सांसद निधि से 28 टैंकर वितरित किए तथा 100 आंगनबाड़ियों को अपने निजी व्यय से पंखे उपलब्ध कराए।

सांसद के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री “भैया में भैया बंटी भैया” का प्रदर्शन भी श्रेयांस लॉज में किया गया, जिसमें परिवार व सहयोगी उपस्थित रहे। साथ ही, नगर मंडल 4 द्वारा सुंदरकांड का पाठ कर सांसद की दीर्घायु और यशस्विता की कामना की गई।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता, विधायकगण, पूर्व जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों, स्कूली शिक्षकों से लेकर पत्रकारों और अधिकारियों तक ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।