शंकराचार्य के अपमान पर छिंदवाड़ा में उबाल: बड़ी माता मंदिर ट्रस्ट ने यूपी सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

छिंदवाड़ा के श्री बड़ी माता मंदिर ट्रस्ट ने उत्तर प्रदेश के माघ मेले में जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी के साथ हुए व्यवहार पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। ट्रस्ट ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कुंभ पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा गुरुदेव को गंगा स्नान से वंचित करना और उनके शिष्यों के साथ अभद्रता करना अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना को सनातन धर्म की आस्था पर गहरा आघात बताया गया है।

ट्रस्ट ने आरोप लगाया कि मेला प्रशासन की लापरवाही के कारण न केवल धर्मगुरु का अपमान हुआ, बल्कि पुलिस और प्रशासन ने उनके शिष्यों के साथ बर्बरता की, जिसमें उनकी शिखाएं तक खींची गईं। श्री बड़ी माता मंदिर ट्रस्ट ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और स्थानीय प्रशासन के इस रवैये को अमानवीय और असंवेदनशील करार दिया है। इस घटना से जिले के सनातन धर्मावलंबियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

अपनी मांगों को स्पष्ट करते हुए ट्रस्ट ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार इस पूरे घटनाक्रम पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और स्वामी जी को ससम्मान गंगा स्नान कराए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में साधु-संतों के सम्मान के साथ इस तरह का खिलवाड़ हुआ, तो ट्रस्ट देशव्यापी सशक्त आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगा।