वर्दी में रील बनाकर फंसी महिला थाना प्रभारी: ऑन-ड्यूटी वायरल वीडियो पर IG ने दी सख्त चेतावनी

रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा जिले में महिला थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा का वर्दी में रील बनाना अब भारी पड़ता नजर आ रहा है। ड्यूटी के दौरान थाना परिसर में फिल्माए गए इस इंस्टाग्राम रील में वे “तेरे दिल में हम…” गाने पर अभिनय करती दिख रही हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।

वीडियो वायरल होने के बाद रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) आर.पी. सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी को मौखिक चेतावनी दी है। साथ ही उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वर्दी की गरिमा का पालन करते हुए इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहें।

आईजी सिंह ने स्पष्ट किया कि वर्दी कोई अभिनय की पोशाक नहीं है, यह अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक है। यदि कोई अधिकारी वर्दी का दुरुपयोग करता है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस विभाग से जुड़े नियमों के अनुसार, ड्यूटी समय में वर्दी पहनकर मनोरंजन या निजी प्रचार-प्रसार के लिए रील बनाना आचार संहिता का उल्लंघन माना जाता है।

इस पूरे प्रकरण के बाद पुलिस विभाग की साख पर सवाल उठे हैं, वहीं सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने इसे “मानव पक्ष” से देखा, तो कई यूजर्स ने इसे वर्दी का मज़ाक बताया।