रतलाम के गड़गड़िया गांव में बड़ा हादसा: कुआं धंसने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत
रतलाम के गड़गड़िया गांव में मंगलवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया जब निर्माणाधीन कुएं में मिट्टी धंसकने से दो मजदूर उसके भीतर दब गए। यह हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ। मजदूर कुएं के निर्माण कार्य में जुटे थे, तभी अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया। देखते ही देखते करीब दर्जनभर ट्राली मिट्टी मजदूरों पर गिर गई और वे मलबे में दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। प्रशासन की ओर से तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर एडीएम, एसपी सहित जिले के कई बड़े अधिकारी पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभाला और जेसीबी व पोखलेन मशीनों की मदद से मिट्टी हटाने का काम शुरू किया।
करीब आठ घंटे चले राहत अभियान के बाद देर रात तीन बजे दोनों मजदूरों के शव मलबे से बाहर निकाले जा सके। इस दौरान गांव में बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात सामने आ रही है।