मीडिया रिपोर्ट्स आलोचना नहीं, प्रशासन के लिए सकारात्मक ‘इनपुट’ हैं: कलेक्टर हरेंद्र नारायण

प्रेस क्लब के ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में कलेक्टर ने मीडिया की भूमिका को सराहा; विजन 2026 पर रखी अपनी बात

छिंदवाड़ा। प्रेस क्लब द्वारा खजरी रोड स्थित प्रेस क्लब भवन में आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने मीडिया और प्रशासन के अंतर्संबंधों पर एक नई दृष्टि पेश की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वे मीडिया में आने वाली खबरों को आलोचना के रूप में नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण ‘इनपुट’ के रूप में देखते हैं, जो प्रशासनिक सुधार में सहायक सिद्ध होती हैं।

मीडिया की खबरों पर त्वरित संज्ञान

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से संवाद करते हुए कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने कहा, “छिंदवाड़ा जैसे बड़े जिले में प्रतिदिन आंचलिक और दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा करना प्रशासनिक स्तर पर संभव नहीं होता। ऐसी स्थिति में मीडिया से मिलने वाली जानकारी मेरे लिए धरातल की सच्चाई जानने का माध्यम बनती है। मैं प्रत्येक विभाग की खबरों पर संज्ञान लेता हूं और उन्हें सुधार के अवसर के रूप में देखता हूं।”

स्वास्थ्य और निगम सेवाओं में सतत निगरानी

कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं और नगर निगम के कार्यों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में निरंतर मॉनिटरिंग की आवश्यकता है। उन्होंने स्वीकार किया कि स्वास्थ्य विभाग में अभी और अधिक और लगातार काम करने की जरूरत है ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। विजन 2026 के तहत उन्होंने शहर सुधार, स्वच्छता और अतिक्रमण मुक्त छिंदवाड़ा की अपनी प्राथमिकताएं भी साझा कीं।

नवाचार से बदलेगी जिले की तस्वीर: सीईओ

जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार ने विजन 2026 पर अपनी बात रखते हुए कहा कि छोटे-छोटे नवाचार ही भविष्य में मील के पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने ‘वॉश ऑन व्हील’ का उदाहरण देते हुए नवाचारों को प्रोत्साहित करने की बात कही।

गरिमामय स्वागत और उपस्थिति

कार्यक्रम की शुरुआत में वरिष्ठ पत्रकार सुधीर दुबे, आर.एस. वर्मा और रत्नेश जैन और प्रेस क्लब अध्यक्ष सचिन पांडेय ने अधिकारियों का स्वागत किया। मंच संचालन आफाक हुसैन ने किया एवं आभार प्रदर्शन आशीष मिश्रा द्वारा किया गया। प्रेस क्लब  कोषाध्यक्ष पवन शर्मा,उपाध्यक्ष नीरज सिंह चौहान , उपाध्याय शक्ति दुबे और सहसचिव आफाक कुरैशी ने  कलेक्टर और सीईओ को मोमेंटो दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित रहे:

दिनेश लिखितकर, अजय द्विवेदी, जगदीश पवार, राजेश सनोडिया, संजय मालवी, पवन शर्मा, नीरज चौहान, शक्ति दुबे, अमित द्विवेदी, ब्रजेश मालवी, मनोज मालवी, अंशुल जैन, राजेश दीक्षित, अजय ब्रम्हवंशी, अभिषेक श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव, भरत चांडक, भोजराज रघुवंशी, श्याम साहू, दिनेश बन्देवार, सोहन विश्वकर्मा, संतोष सिंगोतिया, जिशान शेख, निक्की सोनी, कलीम, बब्लू, सईदू, संतोष बातरी और परख सोनी सहित जिले के अनेक गणमान्य पत्रकार मौजूद रहे।