मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम, छिन्दवाड़ा में न्यूनतम 7.8 डिग्री रहा तापमान

मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम, छिन्दवाड़ा में न्यूनतम 7.8 डिग्री  रहा तापमान

छिंदवाड़ा में बीते 24 घंटे से लगातार तापमान में गिरावट देखी जा रही है। बुधवार रात को भी लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर संत कुमार शर्मा ने बताया कि आज सुबह छिंदवाड़ा में सर्द हवाओं के साथ शहरी क्षेत्रों में तापमान 7.8 डिग्री और ग्रामीण क्षेत्रों में 7.4 रहा।

उत्तरी हवाओं के कारण शीतलहर लगातार बढ़ती जा रही है। जिसके कारण लोगों का दैनिक कार्यो में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, अगले 72 घंटे में भी कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार नजर आ रहे हैं।

इस प्रकार पुरे मध्य प्रदेश में  सर्दी का सितम जारी है। कई शहरों में तापमान में अचानक गिरावट देखी गई। रायसेन में सबसे कम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में भी तापमान 3.5 डिग्री रहा। भोपाल में तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।

इस ही प्रकार प्रदेश में राजगढ़, धार, जबलपुर, सिवनी, सागर, पचमढ़ी और नीमच में शीतलहर चली। भोपाल, इंदौर, धार, रतलाम, उज्जैन और टीकमगढ़ में शीतल दिन रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। इस विक्षोभ के आगे बढ़ने से हवाओं का रुख उत्तरी हो गया है। यह स्थिति दो-तीन दिन और बनी रह सकती है।