मध्यप्रदेश में मौसम का कहर: कहीं लू तो कहीं बारिश-ओले, सिवनी में पेड़ गिरने से व्यक्ति की मौत

भोपाल/सिवनी। मध्यप्रदेश में मौसम ने करवट ली है। एक ओर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य जिलों में तेज लू और तापमान में वृद्धि से लोग बेहाल हैं, तो दूसरी ओर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। इस बदलते मौसम के बीच सिवनी जिले में जंगल में पेड़ गिरने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई।

देखिए वीडियो:https://youtube.com/shorts/aPkbRdtBvoo?si=YNpldP6zheFUVwXY

गर्मी से तपे कई शहर, स्कूलों के समय में बदलाव

रतलाम, नर्मदापुरम, उज्जैन, भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रतलाम में पारा सबसे अधिक 44.2°C दर्ज किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों का समय सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक सीमित कर दिया गया है।

 

लू का अलर्ट: दोपहर में बाहर निकलने से परहेज करें

मौसम विभाग ने उज्जैन, नीमच, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, शाजापुर और रतलाम जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। लोगों से दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर में ही रहने की अपील की गई है।

17 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, सतना, रीवा, शहडोल, बालाघाट समेत 17 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है। किसान फसलों को बचाने के लिए सतर्क रहें, प्रशासन ने भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

 

सिवनी में तेज आंधी बना जानलेवा, पेड़ गिरने से मौत

सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र के भुरखाल खापा गांव में गुरुवार दोपहर 45 वर्षीय माठूलाल पंद्रे जंगल में लकड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान अचानक आई तेज आंधी में एक पेड़ उनके ऊपर गिर गया। शाम को अन्य ग्रामीणों ने उन्हें पेड़ के नीचे दबा देखा और तत्काल पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को घंसौर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

2 मई का तापमान पूर्वानुमान

भोपाल: अधिकतम 41°C, न्यूनतम 27°C

इंदौर: अधिकतम 42°C, न्यूनतम 26°C

रतलाम: अधिकतम 44°C, न्यूनतम 27°C

उज्जैन: अधिकतम 43°C, न्यूनतम 26°C

जनता के लिए सावधानी और सुझाव
अधिक गर्मी में खुले में काम न करें, छाया में रहें।पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और शरीर को ढंककर रखें।
आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी के बीच खुले या पेड़ों के नीचे खड़े न हों।