मध्यप्रदेश में निगम नियुक्तियाँ जल्द, दीपक सक्सेना को मिल सकती जिम्मेदारी

प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट बढ़ने लगी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार के 16 महीने पूरे होने के बाद अब निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियों का दौर जल्द शुरू होने की संभावना है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की घोषणा के साथ ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं।

राजनीतिक गलियारों से आ रही खबरों के अनुसार, छिंदवाड़ा के वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक सक्सेना को इस बार कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है।पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भरोसेमंद माने जाने पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना ने लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा की प्राथमिकता सदस्यता ली थी।इस दौरान भी सक्सेना को निगम या मंडल में नियुक्ति को लेकर राजनैतिक गलियारों में चर्चा थी।

प्रदेश अध्यक्ष के बाद शुरू होंगी नियुक्तियाँ
सूत्रों के अनुसार भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा अप्रैल के अंत तक की जा सकती है। इसके बाद वित्त आयोग, खनिज निगम, ऊर्जा विकास निगम, गृह निर्माण मंडल समेत कई निगम-मंडलों में नियुक्तियाँ की जाएंगी। इनमें से कुछ पदों को कैबिनेट या राज्य मंत्री का दर्जा भी मिलने की संभावना है।

इन अंचलों को मिल सकता है प्रतिनिधित्व
प्रदेश के इंदौर, ग्वालियर-चंबल, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सागर और विंध्य जैसे प्रमुख क्षेत्रों से नेताओं को नियुक्तियों में प्रतिनिधित्व देने की तैयारी है। इससे संगठनात्मक संतुलन साधने के साथ-साथ क्षेत्रीय संतुलन भी सुनिश्चित किया जाएगा।

राजनीतिक नियुक्तियों की राह खोलने वाला महीना हो सकता है मई
मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा फरवरी 2024 में सभी पूर्ववर्ती नियुक्तियाँ रद्द किए जाने के बाद से नेताओं को नई जिम्मेदारियों का इंतज़ार था। अब प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के साथ ही यह इंतज़ार समाप्त हो सकता है और दीपक सक्सेना जैसे नेताओं को जिम्मेदारी मिलने की पूरी संभावना है।