मतदाता सूची अपडेट कराने में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी: छिंदवाड़ा नगर निगम ने त्रुटियां सुधारने के लिए शुरू किया पुनरीक्षण कार्य

नगरीय क्षेत्र में शासन के निर्देशानुसार मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो गया है, जिसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने प्रत्येक वार्ड के मतदान केंद्रों पर बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को जिम्मेदारी दी है। बीएलओ घर-घर जाकर वर्ष 2003 और 2025 की मतदाता सूचियों का मिलान एवं अद्यतन (अपडेट) कर रहे हैं ताकि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सही रूप से दर्ज हों और किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

मतदाताओं की सुविधा और मार्गदर्शन हेतु नगर पालिका निगम छिंदवाड़ा में हेल्पलाइन नंबर 07162-222346 स्थापित किया गया है। नागरिक इस नंबर पर कॉल करके मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या फॉर्म भरने से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान या जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, बीएलओ को भी एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला में निर्देशित किया गया है कि वे मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित निवारण सुनिश्चित करें।