”भारत को परमवैभव के शिखर पर ले जाने के लिए हिन्दू एकता अनिवार्य”: बजरंग दल प्रान्त संयोजक
छिंदवाड़ा: विश्व हिन्दू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल के प्रान्त संयोजक तरस्वी उपाध्याय ने कहा है कि यदि हमें भारत को परमवैभव के शिखर पर देखना है, तो हिन्दू समाज की एकता और एकजुटता सबसे पहली शर्त है। यह बात उन्होंने छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान स्थानीय बस स्टैंड पर कार्यकर्ताओं से भेंट करते हुए कही।
विहिप जिला धर्मप्रसार प्रमुख चीकू पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बजरंग दल के पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रान्त संयोजक का नगर आगमन हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, बाजे-गाजे और आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
संगठन की मजबूती पर जोर:
बैठक को संबोधित करते हुए श्री उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और समाज की सुरक्षा के लिए संगठन एवं कार्यकर्ताओं को समाज के बीच गहराई से कार्य करना होगा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
कार्यक्रम में प्रान्त सहसंयोजक रुपेश लांझीवार, प्रान्त सत्संग प्रमुख ठा. ऋषिराज बैस, विभाग मंत्री नकुल विश्वकर्मा, सहमंत्री गोलू सूर्यवंशी, और जिलामंत्री गौरव सेन सहित जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में, विश्व हिन्दू परिषद के अध्यक्ष ठा. अरविन्द प्रताप सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया और संगठन के आगामी नवीन कार्यालय निर्माण के प्रगति की जानकारी साझा की।
