भाजपा लगाती है ‘जय श्री राम’ के नारे, तो कांग्रेस करती है ‘कमलनाथ की जय-जयकार’: भाजपा जिला महामंत्री
छिंदवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री कमलेश उइके ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे के बयानों पर तीखा पलटवार किया है। उइके ने कहा कि छिंदवाड़ा की जनता पिछले 45 वर्षों से ‘जय-जय कमलनाथ’ के नारों और थोपे गए वंशवाद से पूरी तरह परेशान हो चुकी थी, जिसका परिणाम हालिया लोकसभा चुनाव में देखने को मिला है।
“राम भक्ति बनाम व्यक्ति पूजा”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कमलेश उइके ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की विचारधारा में जमीन-आसमान का अंतर है। उन्होंने कहा, “जब भाजपा का कार्यकर्ता ‘जय श्री राम’ के नारे लगाकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लेता है, तो दूसरी ओर कांग्रेस के कार्यकर्ता केवल ‘जय-जय कमलनाथ’ के नारे लगाकर व्यक्ति-पूजा में लीन रहते हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब तो कांग्रेस के लोग वंशवाद का अनुसरण करते हुए ‘जय-जय नकुलनाथ’ के नारे भी लगाने लगे हैं, जो उनकी गुलामी की मानसिकता को दर्शाता है।
“जनता ने नकारा, राज परिवार न समझें”
जिला महामंत्री ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बयानों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ओक्टे जी इस भ्रम में न रहें कि लोकसभा की हार को जनता ने स्वीकार नहीं किया है। हकीकत यह है कि यह हार स्वयं छिंदवाड़ा की जनता ने दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाथ परिवार खुद को जिले का ‘राज परिवार’ समझता है, लेकिन जनता उन्हें नकार चुकी है।
“पंखा बाबा” के संबोधन पर कटाक्ष
उइके ने आगे कहा कि जिले की जनता कमलनाथ जी को ‘पंखा बाबा’ के नाम से पुकारती है। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि जनता जिसे सिर पर बिठाना जानती है, उसे वक्त आने पर उतारना भी जानती है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि वे किसी भ्रम में न जिएं और व्यक्ति विशेष की भक्ति छोड़कर प्रभु श्री राम की शरण में जाएं।
