BJP कार्यकारणी:विजय पांडेय,कमलेश उईके महामंत्री बने: एक पद पर पेंच

भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव ने आज अपनी नवीन कार्यकारिणी घोषित कर दी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की घोषणा के बाद से छिंदवाड़ा भाजपा कार्यकारिणी को लेकर पिछले एक माह से जिला कार्यकारिणी की घोषणा का इंतजार था।

पार्टी ने जिले में गुटबाजी में सामंजस्य बनाने के लिए एक कोर कमेटी बनाई थी, जिसमें सुश्री कविता पाटीदार, संतोष पारीक, सांसद विवेक बंटी साहू, जिला अध्यक्ष शेषराव यादव और अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह शामिल थे। इस कोर कमेटी की दो बार बैठक भी हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद पार्टी द्वारा दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए जिन्होंने रायशुमारी कर नाम मांगे।

इसी बीच सांसद बंटी साहू और जिला अध्यक्ष शेषराव यादव ने एक के बाद एक भोपाल और बैतूल का दौरा भी किया, लेकिन महामंत्री सहित अन्य पदों पर दोनों गुटों के बीच सहमति नहीं बन सकी। आखिरकार आज शाम को भाजपा की छिंदवाड़ा–पांढुरना जिला कार्यकारिणी के 23 पदों में से 19 पदों की घोषणा कर दी गई।

छिंदवाड़ा क्षेत्र से जुड़े नाम

घोषित कार्यकारिणी में अगर छिंदवाड़ा की बात करें तो तीन महामंत्री पदों में से फिलहाल दो ही महामंत्री बनाए गए हैं, यानी एक पद अभी भी अधर में है। घोषित 19 पदों में सांसद साहू और जिला अध्यक्ष शेषराव यादव के कैंप से जुड़े लोगों का नाम शामिल है, जबकि पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह के समर्थकों को ज्यादा तवज्जो नहीं मिली है। हालांकि अभी महामंत्री समेत चार पदाधिकारियों की घोषणा बाकी है।

घोषित कार्यकारिणी में छिंदवाड़ा और चौरई क्षेत्र से जुड़े लोगों को जगह दी गई है। इनमें छिंदवाड़ा शहर से विजय पांडेय और जुन्नारदेव से कमलेश उईके को महामंत्री बनाया गया है, जो शेषराव यादव कैंप के माने जाते हैं। वहीं, शेषराव यादव कैंप के अजय सक्सेना को जिला उपाध्यक्ष और गरिमा दामोदर, भरत घई, दिनशू यादव, स्मृति यादव को भी पदाधिकारी बनाया गया है।

सांसद साहू के कैंप से अखिलेश शुक्ला, बंटी पटेल, योगेश साहू, दीपक नेमा, राजू नंदवंशी और गोलू नागरे जैसे नेताओं को भी कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।

महामंत्री पद पर फंसा पेंच

भाजपा की कार्यकारिणी में महामंत्री का पद हमेशा सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी कारण इस पद को लेकर सांसद कैंप और जिला अध्यक्ष कैंप के बीच सबसे ज्यादा पेंच फंसा हुआ था। आज भले ही दो महामंत्री घोषित कर दिए गए हों, लेकिन तीसरे पद को लेकर खींचतान बरकरार है।

शेषराव यादव कैंप की ओर से शंटी बेदी और धर्मेंद्र मिगलानी के नाम आगे किए जा रहे हैं, जबकि सांसद कैंप से टीकाराम चंद्रवंशी और भाजपा के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष प्रियवर सिंह का नाम प्रमुखता से चर्चा में है।

जानकारी के मुताबिक, कल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के गृह जिले में बैठक के दौरान महामंत्री और अन्य पदों पर सहमति बनाई जाएगी।