बोर्ड परीक्षा में नकल कराते पकड़ी गई शिक्षिका निलंबित, कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई
छिन्दवाड़ा | 17 फरवरी 2026: मध्यप्रदेश बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षाओं की शुचिता भंग करने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने विकासखंड परासिया के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़कुही की माध्यमिक शिक्षिका कृष्णा शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निरीक्षण में खुली पोल:
आज अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र के दौरान एसडीएम परासिया ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पर्यवेक्षक कृष्णा शर्मा के पास कक्षा 10वीं के प्रश्न क्रमांक-11 के प्रिंटेड उत्तर पाए गए। जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल के अनुसार, यह सामग्री परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से रखी गई थी।
अनुशासनात्मक कार्रवाई:
शिक्षिका के इस कृत्य को गंभीर कदाचरण मानते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, परासिया नियत किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
