बिछुआ : 6 माह की बच्ची की मौत; डॉक्टर को दिखाए बिना पिलाया आयुर्वेदिक सिरप

छिंदवाड़ा। जिले के बिछुआ में 6 माह की बच्ची रोही मिनोटे की सर्दी-बुखार के बाद हुई संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। बच्ची के परिजनों ने स्थानीय कुरेठे मेडिकल स्टोर से खरीदी गई आयुर्वेदिक कफ सिरप पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, जिसके बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए जांच के लिए 3अधिकारियों की टीम गठित की  है।

बिछुआ निवासी रूही पिता संदीप मिनोटे की तबीयत सोमवार को खराब हुई थी। परिजनों ने डॉक्टर से जांच कराए बिना ही कुरेठे मेडिकल स्टोर से एक आयुर्वेदिक कफ सिरप खरीदकर बच्ची को पिला दिया। सिरप पीने के चार दिन बाद मंगलवार को बच्ची की हालत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद परिजन उसे सिविल अस्पताल ले गए, जहाँ उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि कफ सिरप के कारण ही बच्ची की तबीयत बिगड़ी, और सिविल अस्पताल में भी लापरवाही हुई। बिछुआ टीआई ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मर्ग कायम कर लिया गया है, और वैधानिक कार्यवाही पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में जहरीले कफ सिरप से 24 बच्चों की मौत का मामला सामने आया था, जिसने लोगों में दहशत बढ़ा दी है।