बकाया राशि नहीं चुकाने पर ईमलीखेड़ा एमआईजी भवन का आवंटन निरस्त

नगर निगम छिंदवाड़ा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ईमलीखेड़ा एमआईजी हाउसिंग प्रोजेक्ट में आवंटित एक भवन का आवंटन निरस्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई निगमायुक्त चंद्रप्रकाश राय द्वारा बुधवार को आदेश जारी कर की गई।

जानकारी के अनुसार, अलका श्रीवास, निवासी प्रज्ञापुरम कॉलोनी गुरैया रोड छिंदवाड़ा को एमआईजी भवन क्रमांक 13, जिसकी कुल कीमत 31 लाख रुपये निर्धारित की गई थी, आवंटित किया गया था। उन्होंने 22 जुलाई 2019 को बुकिंग राशि के रूप में 3.10 लाख रुपये जमा किए थे। बाद में निर्माण कार्यों में अतिरिक्त कार्यों को शामिल करने और क्षेत्रफल में वृद्धि के कारण भवन की कीमत बढ़कर 34.50 लाख रुपये हो गई।

अलका श्रीवास द्वारा अब तक 22.20 लाख रुपये जमा किए गए हैं, जबकि 12.30 लाख रुपये की राशि अभी बकाया है। नगर निगम द्वारा कई बार सूचना पत्र भेजे जाने, व्यक्तिगत संपर्क करने और पर्याप्त समय देने के बाद भी शेष राशि जमा नहीं की गई। आवंटन शर्तों के अनुसार सूचना पत्र मिलने के बाद निर्धारित अवधि में बकाया राशि जमा करना अनिवार्य था। भवन का निर्माण लगभग एक वर्ष पूर्व ही पूर्ण हो चुका है।

बकाया राशि समय पर जमा न करने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना की गाइडलाइन और आवंटन शर्तों का उल्लंघन हुआ है। साथ ही निगम की वित्तीय प्रक्रिया भी बाधित हुई है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त चंद्रप्रकाश राय ने एमआईजी भवन क्रमांक 13 का आवंटन निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया है।