बंद कोयला खदान में चट्टान ढही, 5 लोग दबे; गंभीर घायल नागपुर रिफर
वेस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (WCL) के पेंच क्षेत्र की इकलहरा स्थित बंद ओपन कास्ट कोयला खदान में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात लगभग तीन बजे एक बड़ा हादसा हो गया। अवैध रूप से कोयला खुदाई कर रहे करीब 15 लोगों के समूह पर एक बड़ी चट्टान ढह गई, जिससे पांच लोग दब गए। आनन-फानन में साथ गए लोगों ने दबे हुए लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घायलों में रिजवान खान (28), कुनाल कोचे (23), शादाब खान (32) और साईना कुरैशी (25) शामिल हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। अत्यधिक गंभीर रूप से घायल रिजवान खान को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत छिंदवाड़ा से नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
यह खदान, जो बड़कुही ओपन कास्ट नाम से जानी जाती है, उत्पादन बंद होने के बाद से ही कोयला माफिया के राज में अवैध खुदाई का केंद्र बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर, परासिया एसडीएम और तहसीलदार रविवार शाम पाँच बजे मौके पर जांच के लिए पहुँचे। इसके अलावा, पुलिस ने भी घटना की पुष्टि के लिए छिंदवाड़ा अस्पताल जाकर घायलों के बयान लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना बंद खदानों में अवैध उत्खनन की गंभीर समस्या को उजागर करती है।
