प्रभारी मंत्री राकेश सिंह छिंदवाड़ा में करेंगे ध्वजारोहण, पुलिस परेड ग्राउंड में होगा मुख्य समारोह

छिंदवाड़ा। गणतंत्र दिवस का मुख्य जिला स्तरीय समारोह 26 जनवरी को स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में गरिमामय रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे।

समारोह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम:

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य अतिथि का आगमन सुबह 8:58 बजे होगा। ठीक 9 बजे ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और सलामी के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ होगा। इसके बाद सुबह 9:05 से 9:15 बजे तक परेड निरीक्षण और 9:15 से 9:35 बजे तक मुख्यमंत्री के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया जाएगा।

कार्यक्रम के अगले चरण में सुबह 9:35 से 9:45 बजे तक हर्ष फायर और मार्च पास्ट होगा। सुबह 9:45 से 10:40 बजे तक विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। सुबह 10:40 से 11:05 बजे तक शासकीय विभागों की झांकियों का प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम के समापन पर सुबह 11:05 से 11:30 बजे तक उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं और अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से समारोह में उपस्थित होने की अपील की है।