पेंच की बाघिन ने भरी उड़ान: वायुसेना के हेलीकॉप्टर से राजस्थान शिफ्ट, AI कैमरों से हुई मॉनिटरिंग
मध्य प्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व की एक 3 वर्षीय बाघिन अब राजस्थान के रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व की शान बनेगी। रविवार को भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर के माध्यम से इस बाघिन का सफलतापूर्वक अंतर-राज्यीय स्थानांतरण किया गया। इस पूरे ऑपरेशन को बेहद वैज्ञानिक तरीके से अंजाम दिया गया, जिसमें बाघिन की पहचान और निगरानी के लिए 50 से अधिक उन्नत एआई (AI) आधारित कैमरा ट्रैप और मोशन सेंसर कैमरों का उपयोग किया गया था।
विगत एक माह से चल रहे इस जटिल अभियान का नेतृत्व सहायक संचालक गुरलीन कौर (IFS) ने किया। राजस्थान और मध्य प्रदेश के वन अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और वायुसेना के सहयोग से बाघिन को सुरक्षित एयरलिफ्ट कर नए ठिकाने पर पहुँचाया गया। मुख्य वन संरक्षक सुगनाराम जाट और उप संचालक रजनीश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में विशेषज्ञों की टीम ने इस मिशन को पूरा किया। विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थानांतरण टाइगर लैंडस्केप में आनुवंशिक विविधता को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।
