पूर्व सीएम कमलनाथ ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र: मक्का फसल ₹2400/क्विंटल के समर्थन मूल्य पर खरीदने की मांग

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश के मक्का उत्पादक किसानों को हो रहे नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक अर्धशासकीय पत्र (क्रमांक 270) लिखा है, जिसमें उन्होंने मक्का की फसल को ₹2400 प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर क्रय करने की तत्काल मांग की है।
​किसानों को ₹800 प्रति क्विंटल का नुकसान:
​पत्र में कमलनाथ ने मुख्यमंत्री का ध्यानाकर्षण कराते हुए लिखा है कि विगत कुछ समय से मक्का के बाजार मूल्य में लगातार गिरावट आ रही है। वर्तमान में किसान अपनी उपज को ₹1600 से ₹1800 प्रति क्विंटल के दाम पर बेचने को मजबूर हैं। जबकि केंद्र सरकार द्वारा मक्का का समर्थन मूल्य ₹2400 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इस प्रकार, किसानों को प्रति क्विंटल ₹600 से ₹800 तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे उनकी लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है।
​तत्काल निर्णय लेने की अपील:
​कमलनाथ ने आग्रह किया कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए फसलों की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की यह मांग उचित प्रतीत होती है और सरकार को ठोस व आवश्यक निर्णय लेकर मक्का उपज को अविलम्ब समर्थन मूल्य पर क्रय करना चाहिए, ताकि किसान इस महंगाई के दौर में अपने परिवार का भरण-पोषण उचित ढंग से कर सकें। इससे पूर्व, कमलनाथ और नकुलनाथ से किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने मिलकर समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग रखी थी।