पातालकोट में नेशनल लेवल की ट्रेकिंग का आगाज: 24 जनवरी से देश के नामी ट्रेकर्स खोजेंगे पाताल की गहराइयां

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड, जिला प्रशासन और ‘इंडिया हाईक्स’ के संयुक्त तत्वावधान में छिंदवाड़ा के प्रसिद्ध पातालकोट में 24 से 27 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय स्तर का ट्रेकिंग प्रोग्राम आयोजित होने जा रहा है। इस चार दिवसीय रोमांचक सफर में नागपुर, बैंगलूरू, हैदराबाद, मुंबई और गोवा जैसे बड़े शहरों के 15 विशेषज्ञ ट्रेकर्स शामिल होंगे। जिला कलेक्टर  हरेंद्र नारायन और जिला पंचायत सीईओ  अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित यह दल दूधी नदी के उद्गम स्थल से लेकर पातालकोट की रहस्यमयी गुफाओं, चिमटीपुर और राजाखोह जैसे दुर्गम स्थलों की खूबसूरती को दुनिया के सामने लाएगा।

इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य पातालकोट को एडवेंचर टूरिज्म के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने के साथ-साथ स्थानीय जनजातीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। कार्यक्रम के तहत स्थानीय युवाओं को ट्रेकिंग गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया गया है और क्षेत्र के होम स्टे को भी इस मुहिम से जोड़ा गया है। प्रशासन की इस पहल से न केवल पातालकोट की प्राकृतिक सुंदरता का प्रचार होगा, बल्कि स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक संस्कृति को भी आर्थिक मजबूती मिलेगी, जिससे पर्यटन और संरक्षण का एक नया अध्याय शुरू होगा।