परासिया:बेटे ने शराब के नशे में की पिता की बेरहमी से हत्या

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया के सिद्धबाबाढाना गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में बेटे ने अपने ही 58 वर्षीय पिता की डंडे और धारदार हथियार से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

मृतक का नाम मिठाईलाल परतेती है। बताया जा रहा है कि रविवार रात पिता-पुत्र दोनों ने शराब पी थी। इसके बाद आपसी विवाद इतना बढ़ा कि बेटे पप्पू परतेती ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घायल पिता को सड़क से घसीटकर घर के अंदर लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। आरोपी मौके से फरार है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, घर को सील कर दिया गया है और एफएसएल टीम जांच में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।