निर्वाचन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए डॉ. पी.एन. सनेसर राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित

छिंदवाड़ा/भोपाल। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में छिंदवाड़ा के डॉ. पी.एन. सनेसर को माननीय राज्यपाल द्वारा पुरस्कृत किया गया। शासकीय पीजी कॉलेज के अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. सनेसर भारत निर्वाचन आयोग के नेशनल एवं इंटरनेशनल मास्टर ट्रेनर हैं। उन्हें यह सम्मान निर्वाचन प्रशिक्षण में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट उपलब्धियों तथा देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए दिया गया है।

समारोह में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा, मुख्य सचिव अनुराग जैन, राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव सहित फिल्म अभिनेता राजीव वर्मा और गोविंद नामदेव मौजूद रहे। डॉ. सनेसर की इस उपलब्धि पर कलेक्टर हरेंद्र नारायन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति ठाकुर, प्राचार्य डॉ. वाय.के. शर्मा, जनभागीदारी अध्यक्ष भारत घई और तरुण सोनी सहित महाविद्यालयीन स्टाफ और परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।