निगम आयुक्त का कड़ा रुख: वार्ड 45 में निम्न स्तरीय CC सड़क डिस्मेंटल कर पुनर्निर्माण का आदेश

छिंदवाड़ा। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा ने कायाकल्प अभियान 2.0 के तहत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त कदम उठाया है। आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार, वार्ड क्रमांक 45 में पूर्व में निर्मित आंतरिक सीसी सड़क के निर्माण में गंभीर खामियां पाए जाने पर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है।

जांच रिपोर्ट में फेल हुई स्ट्रेंथ:

सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए सैंपल सिविल टेक्नोग्लोबल एडवांस टेस्टिंग सेंटर भेजे गए थे। दिनांक 20 नवंबर 2025 की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह पाया गया कि सड़क से लिए गए कोर सैंपलों की कंप्रेसिव स्ट्रेंथ (Compressive Strength) मानक IS456CI के अनुरूप नहीं थी। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि आवश्यक न्यूनतम समकक्ष क्यूब स्ट्रेंथ 22.5 N/mm^2 के मुकाबले औसत स्ट्रेंथ मानक से काफी कम रही।

ठेकेदार को पुनः निर्माण का निर्देश:

जांच रिपोर्ट और स्थल की वास्तविक स्थिति को देखते हुए, नगर निगम आयुक्त द्वारा आइडियल कंस्ट्रक्शन ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कार्यपालन यंत्री को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए यह निर्देश दिया गया कि संबंधित सीसी सड़क को तोड़कर (डिस्मेंटल) पुनः गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण कराया जाए।