निगमायुक्त ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश: छिंदवाड़ा नगर निगम की रोजगार सहायक पर वित्तीय अनियमितता का आरोप विभागीय जांच शुरू
छिंदवाड़ा नगर पालिक निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने निगम की रोजगार सहायक प्रीति सूर्यवंशी के विरुद्ध उच्च स्तरीय विभागीय जाँच की कार्यवाही तत्काल प्रभाव से शुरू करने के आदेश जारी किए हैं। यह सख्त कदम शासकीय निधि से संबंधित गंभीर अनियमितताओं की शिकायतों के बाद उठाया गया है। आयुक्त ने इस मामले की निष्पक्ष और तीव्र जाँच सुनिश्चित करने के लिए मीना कोरी (सहायक आयुक्त) को जाँच अधिकारी तथा महेश प्रसाद साहू (राजस्व अधिकारी) को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी नियुक्त किया है। इस कार्रवाई से निगम के अन्य कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि वित्तीय अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने आरोपित कर्मचारी प्रीति सूर्यवंशी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह अपने ऊपर लगे आरोपों का उत्तर सात दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। आदेश में यह सख्त चेतावनी भी शामिल है कि यदि निर्धारित समयावधि में जवाब प्राप्त नहीं होता है, तो कर्मचारी के विरुद्ध एकतरफा कार्यवाही की जाएगी। निगमायुक्त ने जाँच अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे पूरी प्रक्रिया में तेजी लाएं और जल्द से जल्द जाँच पूर्ण कर विस्तृत प्रतिवेदन निगम कार्यालय में प्रस्तुत करें।
