नागपुर से लाकर युवाओं को MD ड्रग्स बेच रहे दो तस्कर पकड़े गए, ₹2 लाख से ज्यादा का मशरूका जब्त
मध्यप्रदेश पुलिस जिला छिंदवाड़ा की देहात पुलिस ने मादक पदार्थों के कारोबारियों पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत, देहात पुलिस ने नागपुर के दो युवकों को 13.62 ग्राम MD ड्रग्स पाउडर के साथ गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रोहना बायपास के पास दो व्यक्ति एक्टीवा स्कूटी पर खड़े होकर किसी ग्राहक को MD ड्रग्स बेचने का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर नागपुर निवासी आतिक अहमद (19) और आदिल शेख (21) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह ड्रग्स नागपुर से लाकर सिंगोड़ी के नौसाद शेख के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग इलाकों में युवाओं को सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13.62 ग्राम MD ड्रग्स, एक होंडा एक्टीवा स्कूटी और तीन मोबाइल फोन सहित कुल ₹2,08,860 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
देहात पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी नौसाद शेख और नागपुर के व्यापारी की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक महोदय ने इस कार्रवाई में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
