नगर निगम में वित्तीय अनियमितता उजागर, रोजगार सहायक के खिलाफ एफआईआर के निर्देश
नगर निगम छिंदवाड़ा के संपत्ति कर वसूली काउंटर पर बड़ा वित्तीय घोटाला उजागर हुआ है। निगम के मुख्य काउंटर पर पदस्थ रोजगार सहायक प्रीति सूर्यवंशी पर आरोप है कि उन्होंने ई-नगर पालिका पोर्टल पर अन्य कर्मचारियों की आईडी का उपयोग करते हुए लगभग 5 लाख 34 हजार 799 रुपये की राशि नागरिकों से वसूल की और रसीदें जारी कर दीं, लेकिन यह रकम समय पर निगम कोष में जमा नहीं की।
जांच में सामने आया कि संबंधित राशि बाद में सीधे बैंक खाते में जमा कराई गई। नगर निगम के राजस्व अधिकारी महेश प्रसाद साहू की जांच में प्रीति सूर्यवंशी प्रथम दृष्टया दोषी पाई गईं। इसके आधार पर निगमायुक्त चंद्रप्रकाश राय ने थाना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। अब शासकीय धन के अपहरण और कर्मचारियों की आईडी के दुरुपयोग के मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
करदाताओं की राशि सुरक्षित – निगम आयुक्त
नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने स्पष्ट किया है कि करदाताओं की जमा की गई राशि पूरी तरह सुरक्षित है और सभी रसीदों का रिकॉर्ड ई-नगर पालिका पोर्टल पर दर्ज है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि संपत्ति कर का भुगतान सीधे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी किया जा सकता है और काउंटर से रसीद लेना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
आयुक्त ने बताया कि शासन की योजना के तहत 30 सितंबर तक संपत्ति कर पर 6.25% की छूट भी दी जा रही है।