चाचा की धौंस बताकर निगम के ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई, मेंटेनेंस की मांग करने पर विकास मराठा ने दी जान से मारने की धमकी
छिंदवाड़ा। नगर निगम छिंदवाड़ा में व्याप्त अव्यवस्थाओं और रसूखदारों की गुंडागर्दी का एक नया मामला सामने आया है। रविवार सुबह निगम के एक जेसीबी (JCB) ड्राइवर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि विकास मराठा ने सूरज नामक कर्मचारी को अपने “चाचा” की धौंस दिखाते हुए ड्राइवर को लहूलुहान कर दिया और उसे जान से खत्म करने की धमकी दी।
डीजल घोटाले से जुड़ा है कनेक्शन?
नगर निगम के गलियारों में इस मारपीट को लेकर कई चर्चाएं गर्म हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों निगम में डीजल की भारी अनियमितता और घोटाले को लेकर प्रभारी मंगेश पवार का नाम प्रमुखता से सामने आया था। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी विकास मराठा और मंगेश पवार के बीच करीबी रिश्ता है; बताया जा रहा है कि मंगेश पवार रिश्ते में विकास मराठा का भतीजा लगता है। इसी रसूख और संरक्षण के चलते आरोपी निगम परिसर में बेलगाम होकर कर्मचारियों के साथ अभद्रता कर रहा है।
मेंटेनेंस की मांग पर भड़का आरोपी
घटना रविवार सुबह करीब 10:30 बजे की है, जब चंदनगांव निवासी ड्राइवर सूरज मोखलगाय सूर्या होटल के सामने कचरा घर (फटका घर) में गाड़ी खाली करने गया था। सूरज ने वहां मौजूद मेंटेनेंस प्रभारी विकास मराठा से जेसीबी मशीन के सुधार (मेंटेनेंस) के लिए कहा। ड्राइवर की यह मांग सुनते ही विकास आपा खो बैठा और गंदी-गंदी गालियां देने लगा।
जमकर हुई मारपीट, गवाहों ने बचाया
विरोध करने पर आरोपी ने अपने पद और संबंधों की धौंस दिखाते हुए सूरज पर हमला कर दिया। हाथ-मुक्कों से की गई इस पिटाई में ड्राइवर के सिर, होंठ और कान के पास गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद जगदीश चंद्रवंशी और राजेश पाल ने बीच-बचाव कर सूरज की जान बचाई। जाते-जाते आरोपी ने धमकी दी कि “अगर दोबारा मेंटेनेंस की बात की, तो गाड़ी चलाना भुला दूंगा और जान से मार दूंगा।”
