दहेज की लालच ने ली एक और बेटी की जान, जुन्नादेव में युवती ने की आत्महत्या
छिंदवाड़ा ज़िले के जुन्नादेवनगर में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां दहेज की मांग और शादी तोड़ने की धमकियों से तंग आकर एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना 26 अप्रैल की है।
स्वाति रौतिया नामक युवती की शादी 7 मई को महाराष्ट्र के सावनेर के ग्राम गुमगांव निवासी शशि शेखर उर्फ बॉबी कठौते से तय थी। लेकिन शादी से कुछ दिन पहले, 20 अप्रैल को वर पक्ष की ओर से बाइक और नकदी की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर शादी तोड़ने और बारात न लाने की धमकियाँ दी गईं। इस मानसिक दबाव और सामाजिक बदनामी के भय से स्वाति ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने दहेज की मांग और धमकियों का स्पष्ट ज़िक्र किया है। परिजनों और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने शशि शेखर उर्फ बॉबी कठौते, पिंकू कठौते और विजय कठौते के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, 3(5) और दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
