ज्ञान कल्याणक: भव्य समोशरण में हुई दिव्य देशना,पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव: आज निकलेगी रथ फेरी
uछिंदवाड़ा। सुसज्जित अयोध्या नगरी में श्री मज्जिनेंद्र आदिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में पांचवे दिन रविवार को ज्ञान कल्याणक मनाया गया। वैराग्य और दीक्षा के बाद रविवार को महामुनिराज आदिसागर जी की आहारचर्या हुई। राजा श्रेयांश द्वारा महामुनिराज को प्रथम आहार दिया जाता है। वहीं समोशरण में भगवान की दिव्य देशना हुई। छह दिवसीय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में छठवें दिन सोमवार को रथफेरी निकाली जाएगी।
आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्यश्री समय सागर जी महाराज के आशीर्वाद से निर्यापक मुनिश्री प्रसाद सागर जी महाराज, मुनिश्री पद्म सागर जी महाराज, मुनिश्री शीतल सागर जी महाराज के सानिध्य में आयोजित महोत्सव में रविवार की सुबह पूजन अनुष्ठान के पश्चात सुबह महामुनिराज आदिसागर जी की आहारचर्या हुई। राजा श्रेयांश का पात्र निभा रहे शैलेंद्र जैन एवं राजा सोम का पात्र निभा रहे स्वप्निल जैन को नवदा भाक्ति पूर्वक प्रथम आहार देने का सौभाग्य मिला। इसके पश्चात महोत्सव के सभी पात्रों सहित श्रावक-श्राविकाओं ने मुनिराज को आहार दिए। दोपहर में भगवान को केवलज्ञानोत्पत्ति के पश्चात भव्य समोशरण की रचना की गई। सौधर्म इंद्र की आज्ञा से धनकुबेर समवशरण की रचना करते हैं। इसमें तीर्थंकर आदिनाथ भगवान की दिव्य देशना होती है। तत्वचर्चा के पश्चात प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रम्हचारी प्रदीप भैया सुयश के निर्देशन में ज्ञानकल्याणक पूजन हुआ। जिन बिम्ब की स्थापना हुई। इसके पश्चात मुनिश्री की दिव्य देशना हुई। समोशरण के परदे का उद्घाटन पाटौदी परिवार सतीशकुमार, राजेंद्र कुमार, मंटू पाटौदी ने किया। महाआरती का सौभाग्य दीपक बाझल को मिला।
प्रतिमाओं को दिया सूर्यमंत्र:-
पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में रविवार को अयोध्या नगरी और आदिनाथ धाम में मुनिश्री प्रसाद सागर जी महाराज ने प्रतिमाओं को सूर्य मंत्र दिया।
गौशाला संवर्धन के लिए देंगे राशि:-
समिति द्वारा निर्णय लिया गया है कि ज्ञानकल्याणक में आहारदान के लिए जो भी राशि प्राप्त होगी वह गौ संवर्धन के लिए दी जाएगी। रविवार को तीन लाख से अधिक की राशि एकत्रित हुई। यह राशि बाहुबली जीवरक्षा संस्थान को दी जाएगी।
सांसद सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल:-
पंचकल्याण प्रतिष्ठा महोत्सव में रविवार को सांसद विवेक बंटी साहू सहित जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सांसद विवेक बंटी साहू, महापौर विक्रम अहके ने
निर्यापक मुनिश्री प्रसाद सागर महाराज, मुनिश्री पद्म सागर महाराज, मुनिश्री शीतल सागर महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, नगर निगम अध्यक्ष सोनू मागो, पप्पू यादव, सुधीर पाटनी, किरण चौधरी, टिंंकू राय ने महोत्सव में शामिल होकर मुनिसंघ से आशीर्वाद प्राप्त किया। पंचकल्याणक समिति की ओर से रत्नेश जैन, आलोक जैन, मीनू सिंघई, अनिल गोयल, सुभाष जैन आदि ने अतिथियों का सम्मान किया।
आज मनाया जाएगा मोक्ष कल्याणक, रथ फेरी निकलेगी:-
छह दिवसीय श्री मज्जिनेंद्र आदिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में छठवें दिन सोमवार, २० जनवरी को अयोध्या नगरी में मोक्ष कल्याणक मनाया जाएगा। सुबह ६.१५ बजे से पूजन अनुष्ठान होंगे। दोपहर १२ बजे से रथ फेरी (नगर परिक्रमा) होगी। रथ फेरी अयोध्या नगरी से प्रारंभ होकर सत्कार तिराहा, फव्वारा चौक, पोस्ट ऑफिस, बुधवारी, मेनरोड से होते हुए आदिनाथ धाम, पांषाण मंदिर, गोलगंज पहुंचेगी।