जहरीला सिरप मामला: डॉ. प्रवीण सोनी समेत अन्य आरोपियों की जमानत पर अब 13 जनवरी को होगी सुनवाई
परासिया/जबलपुर। बहुचर्चित जहरीले ‘कोल्ड्रिंक सिरप’ मामले में जेल में बंद मुख्य आरोपी डॉ. प्रवीण सोनी और उनके सहयोगियों की जमानत याचिका पर बुधवार को जबलपुर हाईकोर्ट में सुनवाई टल गई। तकनीकी कारणों और अभियुक्त पक्ष द्वारा कुछ नए दस्तावेज पेश किए जाने के कारण अब इस मामले की अगली सुनवाई 13 जनवरी को सुनिश्चित की गई है।
एक साथ होगी सभी आरोपियों की सुनवाई
यह मामला जस्टिस प्रमोद अग्रवाल की बेंच के समक्ष लगा था। अदालत डॉ. प्रवीण सोनी, उनकी पत्नी ज्योति सोनी, फार्मासिस्ट सौरभ जैन और ‘न्यू अपना फार्मा’ छिंदवाड़ा के राजेश सोनी की जमानत याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई करेगी। आरोपियों के वकीलों द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों को रिकॉर्ड पर लेने के बाद कोर्ट ने अगली तारीख तय की है।
अक्टूबर से जेल में हैं आरोपी
गौरतलब है कि इस पूरे मामले में अब तक कुल 9 आरोपी सलाखों के पीछे हैं। डॉ. प्रवीण सोनी को 6 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था, जबकि राजेश सोनी और सौरभ जैन की गिरफ्तारी 13 अक्टूबर को हुई थी। डॉ. सोनी की पत्नी ज्योति सोनी को पुलिस ने 4 नवंबर को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इस संवेदनशील मामले की जांच पूरी कर न्यायालय में पहले ही चार्जशीट (आरोप पत्र) दाखिल कर दी है। अब सभी की निगाहें 13 जनवरी को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं।
