छिंदवाड़ा: विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची का प्रकाशन, नाम जुड़वाने की प्रक्रिया शुरू

छिंदवाड़ा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इस संबंध में जिला कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची की प्रतियां सौंपी गईं। कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी 1594 मतदान केंद्रों पर यह सूची उपलब्ध है और नागरिक अब 22 जनवरी 2026 तक अपने नाम जुड़वाने, हटाने या संशोधन के लिए दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद वर्तमान में जिले के 5 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 11,67,234 मतदाता दर्ज हैं। सर्वेक्षण के दौरान जिले में 17,200 मतदाता मृत, 10,550 अनुपस्थित और 4,601 स्थाई रूप से स्थानांतरित पाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, लगभग 7,860 मतदाता ऐसे मिले हैं जिनकी मैपिंग साल 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो पाई है; ऐसे मतदाताओं को संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के माध्यम से नोटिस जारी किए जाएंगे ताकि आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने पर उनके नाम मैप किए जा सकें।

निर्वाचन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए जिले में युक्तियुक्तकरण के बाद 132 नवीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिससे अब कुल केंद्रों की संख्या बढ़कर 1594 हो गई है। कलेक्टर ने राजनैतिक दलों से अपील की है कि वे लोकतंत्र की मजबूती के लिए छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सक्रिय सहयोग करें। दावा-आपत्तियों के निराकरण के पश्चात मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। नागरिक अपनी जानकारी ऑनलाइन निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी चेक कर सकते हैं।