छिंदवाड़ा में 6 अप्रैल को होगा भाजपा के नवीन जिला कार्यालय का भूमिपूजन, संगठन प्रभारी ने ली बैठक
भारतीय जनता पार्टी के 48वें स्थापना दिवस के अवसर पर छिंदवाड़ा सहित प्रदेश के 18 जिलों में नवीन भाजपा कार्यालयों का भूमिपूजन किया जाएगा। इसी तारतम्य में भाजपा जिला कार्यालय में जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री शुक्ला ने बताया कि 6 अप्रैल को सुबह 11 बजे खजरी रोड स्थित बादल भोई आदिवासी संग्रहालय के सामने नवीन कार्यालय का भूमिपूजन संपन्न होगा। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। वे टू-वे संवाद के जरिए जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
कार्यक्रम संयोजक विजय पांडे ने बताया कि आयोजन को भव्य बनाने के लिए मंडल अध्यक्षों, बूथ टोलियों और जनप्रतिनिधियों को सक्रिय कर दिया गया है। बैठक का संचालन भारत घई ने किया और आभार श्रीमती आरती खण्डेलवाल द्वारा व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष पंडित रमेश दुबे, महापौर विक्रम अहाके, जिला महामंत्री कमलेश उइके सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन ने इस आयोजन को पार्टी की मजबूती और विकास के एक नए अध्याय के रूप में रेखांकित किया है।
