छिंदवाड़ा में शुक्रवार को गूंजेंगे सायरन, प्रशासन ने कहा—यह केवल टेस्टिंग है
शहर में शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक विभिन्न स्थानों पर सायरन बजाए जाएंगे। यह केवल सायरनों की टेस्टिंग है, इसलिए नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे घबराएं नहीं।
इस संबंध में गुरुवार को कलेक्टर शीलेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एएसपी आयुष गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर अंकिता त्रिपाठी सहित नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।
नगर निगम आयुक्त सी. पी. राय ने बताया कि शहर में सुरक्षा और आपात स्थिति के मद्देनज़र कई स्थानों पर सायरन लगाए गए हैं। उनकी कार्यक्षमता जांचने के लिए शुक्रवार को परीक्षण किया जाएगा।
बैठक में आगामी त्योहारों की तैयारियों, कानून व्यवस्था और विभिन्न विभागों के समन्वय को लेकर भी चर्चा की गई। प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है ताकि जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे।