छिंदवाड़ा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की तिरंगा यात्रा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भाजपा में प्रवेश
छिंदवाड़ा, 13 अगस्त 2025। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान के तहत बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने छिंदवाड़ा में भव्य तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। चंदनगांव माता मंदिर से प्रारंभ हुई यात्रा छह किलोमीटर लंबी दूरी तय कर अमित ठेंगे चौक पर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। बारिश के बावजूद हजारों कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित स्वागत कार्यक्रम व कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए श्री खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा देश का एकमात्र दल है जिसने अपनी विचारधारा और उसूलों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन को जितना मजबूत बनाएंगे, राष्ट्र उतना ही मजबूत होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है और भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
इस अवसर पर कांग्रेस के 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। प्रदेश अध्यक्ष ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया और महिला कार्यकर्ताओं से राखी बंधवाई। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह, सांसद विवेक साहू बंटी, महापौर विक्रम अहाके, अजय सक्सेना,शंटी बेदी, अभिषेक वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।