छिंदवाड़ा में कड़ाके की ठंड: सीजन में पहली बार पारा 2.2 डिग्री तक गिरा, फसलों पर जमी बर्फ

छिंदवाड़ा: जिले में शीतलहर का सितम जारी है। चंदनगांव स्थित आंचलिक कृषि अनुसंधान केंद्र की मौसम वेधशाला में आज ग्रामीण क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। वहीं शहरी क्षेत्र का 2से3डिग्री की ज्यादा होगा।मौसम वैज्ञानिक डॉ. संत कुमार शर्मा के अनुसार, पिछले कल का अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहा था, लेकिन रात होते ही पारा तेजी से नीचे गिरा।
जिले के ग्रामीण अंचलों में कड़ाके की ठंड का असर साफ देखा जा रहा है। खेतों की मेड़ और फसलों पर ओस की बूंदें बर्फ की चादर की तरह जम गई हैं। ठंड की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सिंचाई के लिए रखे काले पाइप बर्फ जमने के कारण सफेद दिखाई देने लगे हैं। आज सुबह पूरा जिला हल्के कोहरे की आगोश में रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक ठंड के तेवर इसी तरह तीखे रहने की संभावना है।