छिंदवाड़ा में अचानक बढ़ी ठंड: पारा 7.4 डिग्री पर पहुँचा, एक हफ्ते में सबसे ज़्यादा सर्दी
छिंदवाड़ा में अब कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। मौसम विभाग (AMFU) के ताज़ा आँकड़ों के अनुसार, आज 12 नवंबर 2025 की सुबह यहाँ का न्यूनतम तापमान गिरकर 7.4 डिग्री पर पहुँच गया है। यह इस मौसम का सबसे ठंडा दिन है। बस एक हफ़्ते पहले, 6 नवंबर को, न्यूनतम तापमान 17.5 था, लेकिन अब यह लगभग 10 कम हो गया है। 11 नवंबर की सुबह भी तापमान 7.5डिग्री था। हवा में नमी भी बहुत कम है, जिसका मतलब है कि ठंड सूखी और तेज़ है।
ग्रामीण कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर संत कुमार शर्मा ने बताया कि यह तीव्र गिरावट खासकर किसानों के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि पाला पड़ने की आशंका बढ़ जाती है, जिससे रबी की फसलों जैसे चना और मटर को नुकसान हो सकता है। मौसम के इस अचानक बदलते मिजाज ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है और लोगों को सलाह दी गई है कि वे अब गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दें और ठंड से बचने के पूरे इंतज़ाम करें, क्योंकि उत्तरी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ सकती है।
