छिंदवाड़ा भीषण हादसा: पिता-पुत्र की कार में जलकर मौत, गैरेज में खड़े अन्य वाहन भी हुए खाक

छिंदवाड़ा-सिवनी मार्ग पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार सवार पिता-पुत्र की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। उत्तर प्रदेश से अपने घर दीघावानी लौट रहे 61 वर्षीय अमृत सिंह और उनके 22 वर्षीय पुत्र अरुण सिंह की कार को अचानक नींद की झपकी आने के कारण अनियंत्रित हो गई। बेकाबू कार सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकराते हुए सीधे एक गैरेज के सामने खड़ी बोलेरो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीएनजी कार में तत्काल आग लग गई और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई, जिससे अंदर बैठे पिता-पुत्र को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

इस भीषण अग्निकांड की चपेट में आने से गैरेज में खड़े दो अन्य वाहन भी पूरी तरह जलकर खाक हो गए। सूचना मिलते ही कुंडीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार सवार दोनों लोगों के शरीर जलकर राख हो चुके थे। थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि मृतकों के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्च्युरी भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, प्राथमिक तौर पर दुर्घटना का मुख्य कारण देर रात ड्राइविंग के दौरान आई नींद की झपकी माना जा रहा है।