छिंदवाड़ा ब्रेकिंग: स्वास्थ्य विभाग का डेटा मैनेजर 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

छिंदवाड़ा में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने आज एक बड़ी सफलता हासिल की है। लोकायुक्त की टीम ने स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ आईडीएसपी (IDSP) डेटा मैनेजर जितेंद्र यदुवंशी को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद से पूरे जिला अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग परिसर में हड़कंप मच गया है।

तबादले के नाम पर मांगी थी घूस

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जितेंद्र यदुवंशी ने विभाग की ही एक महिला कर्मचारी से उसकी पोस्टिंग ‘संजीवनी क्लिनिक’ में कराने के नाम पर मोटी रकम की मांग की थी। महिला कर्मचारी इस भ्रष्टाचार की शिकायत लोकायुक्त कार्यालय में की, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया।

रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी

आज जैसे ही महिला कर्मचारी ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में ₹50,000 डेटा मैनेजर जितेंद्र यदुवंशी को दिए, वहां पहले से तैनात लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के हाथ धुलवाए, तो वे गुलाबी हो गए, जो रिश्वत लेने का पुख्ता प्रमाण है। लोकायुक्त की टीम फिलहाल आरोपी के दस्तावेजों की जांच कर रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।