छिंदवाड़ा: बिजली विभाग की लापरवाही : करंट से झुलसे मासूम
छिंदवाड़ा। जिले के कुण्डाली कला में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही के कारण शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पीछे खेत में पतंग देखने गए दो भाई, समर्थ यादव (12 वर्ष) और प्रिंस यादव (15 वर्ष), हाई वोल्टेज तारों की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। पिता श्याम कुमार यादव ने बताया कि बच्चे स्कूल की छुट्टी के बाद घर के पीछे बिजली के तारों में फंसी पतंग देखने गए थे। तभी अन्य बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जहाँ दोनों भाई करंट की चपेट में आकर झुलसी हुई हालत में अलग-अलग पड़े मिले। आनन-फानन में उन्हें आनंद अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
परिजनों ने बिजली विभाग (MPEB) पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पूरे खेत में बिजली के तार असुरक्षित तरीके से फैले हुए हैं और यहाँ अक्सर स्पार्किंग होती रहती है। पीड़ित पिता का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार एम.पी.ई.बी. को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन विभाग ने अब तक कोई निराकरण नहीं किया। परिजनों ने रोष जताते हुए कहा कि प्रशासन की इसी अनदेखी के कारण आज यह हादसा हुआ है। फिलहाल, अस्पताल में बच्चों की स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं, जबकि गांव वालों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है।
