छिंदवाड़ा: बाइक के अंतिम 4 नंबरों से खुला एटीएम ठगी का राज, यूपी का शातिर अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार
छिंदवाड़ा। जिला पुलिस ने एटीएम फ्रॉड के एक चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाते हुए उत्तर प्रदेश के शातिर अपराधी हनीफ खान को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। घटना 5 नवंबर की है, जब आरोपी ने परासिया रोड स्थित एसबीआई एटीएम में एक 71 वर्षीय बुजुर्ग हरिशंकर साहू का कार्ड बदलकर धोखाधड़ी से 24,200 रुपये निकाल लिए थे। बुजुर्ग की शिकायत पर देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी एक स्पलेंडर बाइक पर नजर आया। बाइक के केवल अंतिम चार नंबर ‘0497’ और उसके रंग के आधार पर पुलिस ने कड़ियां जोड़ना शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उक्त वाहन स्वामी की मृत्यु के बाद बाइक छपारा के एक व्यक्ति को बेची गई थी। उससे पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी हनीफ खान, जो कि मूल रूप से आगरा (यूपी) का निवासी है, टमाटर और तरबूज की खरीदी के बहाने छिंदवाड़ा आता-जाता रहता था। इसी दौरान उसने ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी लोकेशन प्राप्त की और घेराबंदी कर आरोपी को भोपाल के शाहनाबाद क्षेत्र से धर दबोचा। आरोपी के पास से 18,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी हनीफ खान एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी, ठगी और धोखाधड़ी के 14 मामले पहले से ही दर्ज हैं। विशेष बात यह है कि वह दो साल की सजा काटकर महज दो महीने पहले ही जेल से जमानत पर छूटा था और फिर से वारदातों को अंजाम देने लगा। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे ने टीम की इस सूझबूझ भरी कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए जनता को “सक्रिय पुलिस, सुरक्षित समाज” का संदेश दिया है।
