छिंदवाड़ा: पीजी कॉलेज में 2 दिवसीय विशेष मतदाता शिविर आज से, 18 वर्ष के युवा बनवा सकेंगे वोटर

छिंदवाड़ा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय पी.जी. कॉलेज) छिंदवाड़ा सहित जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में 9 और 10 जनवरी को विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य उन युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ना है, जिन्होंने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है।

शिविर की तैयारियों को लेकर आयोजित प्रशिक्षण में संयुक्त कलेक्टर अंकिता त्रिपाठी ने युवाओं को मतदान का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर वोट कीमती है, इसलिए पात्र विद्यार्थी अपना नाम सूची में अवश्य जुड़वाएं। कॉलेज प्राचार्य डॉ. वाय.के. शर्मा ने विद्यार्थियों को फॉर्म-6 वितरित कर जागरूक किया। नेशनल मास्टर ट्रेनर डॉ. पी.एन. सनेसर ने जानकारी दी कि विद्यार्थी Voter Helpline App, voters.eci.gov.in पोर्टल या सीधे बीएलओ (BLO) के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए विद्यार्थियों को पासपोर्ट फोटो, जन्मतिथि और निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज साथ लाने होंगे।