छिंदवाड़ा निगम परिषद की बैठक में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का समर्थन; 9 स्थानों का नामकरण, शहीद स्मारक को मंजूरी

आज 31 अक्टूबर 2025 को नगर पालिका निगम छिंदवाड़ा की परिषद की महत्वपूर्ण बैठक निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र (सोनू) मागो की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। महापौर विक्रम अहके और आयुक्त चंदप्रकाश राय सहित सभी पार्षदगणों की उपस्थिति में नगर विकास और राष्ट्रीय नीतियों से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

 

मुख्य पारित प्रस्ताव:

राष्ट्रीय प्रस्ताव: परिषद ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का समर्थन करते हुए प्रस्ताव पारित किया। साथ ही, जीएसटी दरों में ऐतिहासिक कमी और ‘आत्मनिर्भर भारत’ संकल्प के समर्थन में भी प्रस्ताव पारित किए गए।

शहीद एवं महापुरुष: शहीद लालमन कोठोले की स्मृति में एक प्रमुख स्थल पर शहीद स्मारक स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति स्थापना हेतु स्थान चिन्हित किया जाएगा।

नामकरण/विकास कार्य:

राजपाल चौक से पाटनी टॉकीज तक की सड़क का नाम स्वतंत्रता सेनानी स्व. मानिक राव चौरे जी के नाम पर होगा।

वार्ड 08 की सड़क का नाम श्री मोनी महाराज मार्ग और केसरी नंदन मंदिर के पास की सड़क का नाम केसरी नंदन चौक रखा जाएगा।

वार्ड 46 में मोहित चश्मालय के समीप स्थित चौक का नाम हरे माधव चौक होगा।

वार्ड 36 (चंदनगांव) में श्यामाप्रसाद वाटिका विकसित की जाएगी और मुखर्जी की प्रतिमा स्थापित होगी।

भगवान झूलेलाल के नाम पर वार्ड 43 और 46 में स्वागत गेट/द्वार लगाए जाएंगे।