छिंदवाड़ा नगर निगम को खंडवा में मिला राज्य स्तरीय सम्मान, जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हुआ गौरव
खंडवा। दादा धूनीवाले जी की पावन नगरी खंडवा में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत छिंदवाड़ा नगर पालिक निगम को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान नगर निगम द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं भेंट किया।
सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रीगण—कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद सिंह पटेल, तुलसी सिलावट एवं कुंवर विजय शाह भी उपस्थित रहे। छिंदवाड़ा नगर निगम की ओर से आयुक्त चंद्रप्रकाश राय एवं उपयंत्री विवेक चौहान इस सम्मान को प्राप्त करने पहुंचे।
नगर निगम को यह उपलब्धि जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन और स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के लिए मिली है। इस अवसर पर छिंदवाड़ा नगर निगम परिवार एवं नगरवासियों ने गौरव एवं हर्ष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार प्रकट किया।
यह सम्मान न केवल नगर निगम के कार्यों की सराहना है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी के सफल उदाहरण के रूप में भी देखा जा रहा है।