​छिंदवाड़ा: अवैध ई-सिगरेट बेचते दुकानदार गिरफ्तार, 68 हजार का माल जब्त

छिंदवाड़ा। जिला पुलिस द्वारा अवैध नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित वस्तुओं के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने मानसरोवर बस स्टैंड के सामने स्थित ‘सीसा हाउस’ दुकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित इलेक्ट्रिक सिगरेट (Vape) जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन में गठित विशेष टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त दुकान पर प्रतिबंधित सामग्री का भंडारण किया गया है। दबिश के दौरान दुकान संचालक बसंत उर्फ गुलशन गोगिया (61 वर्ष), निवासी चंदनगांव के पास से इलेक्ट्रॉनिक वेव सिगरेट के 34 नग सीलबंद पैकेट बरामद हुए। जब्त किए गए माल की कुल कीमत लगभग 68,000 रुपये आंकी गई है।

दुकान संचालक सिगरेट की बिक्री और भंडारण से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध ‘इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम’ की धारा 4ए/5ए के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस सफल कार्यवाही में निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्हें पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।