छिंदवाड़ा: अतिवृष्टि से फसल नुकसान पर किसानों के लिए जरूरी खबर, 72 घंटे के भीतर ऐसे करें क्लेम
छिंदवाड़ा। जिले में जलभराव और अतिवृष्टि के कारण फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए कृषि विभाग ने कमर कस ली है। उप संचालक कृषि जितेंद्र कुमार सिंह ने जिले के किसानों से अपील की है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए फसल क्षति की सूचना समय रहते निर्धारित माध्यमों से दर्ज कराएं।
इन माध्यमों से दर्ज कराएं शिकायत
किसान भाई अपनी फसल के नुकसान की जानकारी घर बैठे नीचे दिए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दे सकते हैं:
हेल्पलाइन नंबर: कृषि रक्षक पोर्टल के हेल्पलाइन नंबर 14447 पर कॉल करें।
व्हाट्सएप चैटबोट: मोबाइल नंबर 7065514447 पर मैसेज कर सूचना दें।
मोबाइल ऐप: प्ले स्टोर से ‘Crop Insurance App’ डाउनलोड कर लॉगिन करें और अपनी जानकारी भरें।
समय सीमा का रखें विशेष ध्यान
योजना के नियमों के अनुसार, फसल क्षति होने के 72 घंटे के भीतर सूचना देना अनिवार्य है। यदि इस समय सीमा के भीतर जानकारी दर्ज नहीं की जाती है, तो बीमा लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है।
तकनीकी समस्या पर क्या करें?
यदि किसी किसान को ऑनलाइन पोर्टल या ऐप के माध्यम से सूचना दर्ज करने में परेशानी आ रही है, तो वे तुरंत अपने क्षेत्र के संबंधित कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना दर्ज होने के बाद ही सर्वे और बीमा राशि के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
