छिंदवाड़ा:क्रिकेट सट्टे का भंडाफोड़:गांधीगंज से दो आरोपी पकड़ाए:लाखों ₹का हिसाब और मोबाइल जब्त
छिंदवाड़ा पुलिस ने अवैध क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी कुंडीपुरा मनोज बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।
ऑनलाइन सट्टेबाजी का भंडाफोड़
दिनांक 28 मार्च 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि श्रीवास्तव कॉलोनी, छिंदवाड़ा का सौरभ अरोरा और ग्राम खापाभाट निवासी शिवम बड़खे मोबाइल के माध्यम से dubaiexch.live प्लेटफॉर्म पर क्रिकेट सट्टा चला रहे हैं। दोनों आरोपी गांधीगंज स्थित दीनदयाल रसोई के पास बैठकर सट्टे का हिसाब-किताब देख रहे थे। सूचना के आधार पर सउनि मनोज रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
सट्टे के कारोबार में लाखों का लेन-देन
पुलिस ने सौरभ अरोरा के पास से एक सैमसंग A-04 ग्रे रंग का 4G मोबाइल और एक वीवो 5G मोबाइल बरामद किया। वहीं, शिवम बड़खे के पास से एक ओप्पो 5G मोबाइल (हरे रंग का) और एक एमआई 10आई 5G मोबाइल मिला। आरोपियों के मोबाइल में dubaiexch.live की मास्टर आईडी खुली हुई थी, जिसमें क्रिकेट सट्टे का हिसाब-किताब दर्ज था। फोन-पे के जरिए लेन-देन के प्रमाण भी मिले।
पुलिस ने मौके से कुल 7,400 रुपये नगद और 4 आईफोन मोबाइल जब्त किए, जिनमें लाखों रुपये के सट्टे का रिकॉर्ड मौजूद था। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्हें यह मास्टर आईडी 10% कमीशन पर उपलब्ध कराई गई थी।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई
पुलिस ने सौरभ अरोरा और शिवम बड़खे के खिलाफ मध्यप्रदेश पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 4(क) एवं धारा 49 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल अभियान में निरीक्षक मनोज बघेल, सउनि मनोज रघुवंशी, संतोष बघेल, प्रआर प्रदीप बघेल, आरक्षक करण रघुवंशी, जीवन रघुवंशी (सायबर सेल), आदित्य रघुवंशी और नितिन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुरस्कार की घोषणा
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।
