छिंदवाड़ा:चाय और टिफिन पार्टी से संगठन मजबूत करेगी बीजेपी: प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने ली बैठक

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा ने सोमवार को छिंदवाड़ा भाजपा कार्यालय में जिला कोर कमेटी, मंडल अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं तथा विभिन्न मोर्चा अध्यक्षों व पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। इसके पश्चात वे चौरई पहुंचे, जहां देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित संगोष्ठी में अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यकर्ताओं से सतत संवाद की आवश्यकता
हितानंद शर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद और संपर्क बनाए रखना जरूरी है। “टिफिन पार्टी” जैसे अनौपचारिक आयोजनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं के बीच विचार-विमर्श और संगठनात्मक सक्रियता को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक बूथ पर मासिक “चाय पर चर्चा” आयोजित कर कार्यकर्ताओं व उनके परिवारों को संगठन से जोड़ा जाए।

देवी अहिल्याबाई से प्रेरित है भाजपा की नीतियाँ
चौरई में संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने सेवा, सुशासन और अध्यात्म के माध्यम से समाज को दिशा दी। उनकी नीतियां आज भी राष्ट्र निर्माण के मार्गदर्शन का स्रोत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाएं—जैसे ‘सबका साथ, सबका विकास’, पक्का आवास, नई शिक्षा नीति व स्वास्थ्य सुधार—देवी अहिल्याबाई के शासन की प्रेरणा लिए हुए हैं।

ओआरपी विकल्प और सामाजिक जागरूकता पर बल
हितानंद शर्मा ने कहा कि जातिगत जनगणना में कुछ लोग ओआरपी (अदर रिलीजन पर्सन) विकल्प चुनने की बात कर रहे हैं, ऐसे में समाज को जागरूक करना हमारा दायित्व है ताकि भारत दुनिया का श्रेष्ठ राष्ट्र बन सके।

बैठक में उपस्थित प्रमुख नेता
इस अवसर पर सांसद विवेक बंटी साहू, जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, जिला प्रभारी संतोष पारीक, विधायक कमलेश शाह, महापौर विक्रम अहाके, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह, पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे, ताराचंद बाबरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश पोफली, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं अन्य मंडल अध्यक्ष व पदाधिकारी उपस्थित रहे।