गांगीवाड़ा सराफा लूट कांड के चार और फरार आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख के जेवर बरामद

देहात थाना पुलिस ने गांगीवाड़ा के सराफा व्यवसायी के साथ हुई लूट की वारदात में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 5,25,000 रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं।

घटना 26 जनवरी 2026 की है, जब गांगीवाड़ा निवासी सराफा व्यापारी ओमचंद सोनी (70 वर्ष) से अज्ञात बदमाशों ने जेवरों से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले में पुलिस 5 आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। थाना प्रभारी जी. एस. राजपूत के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर चांदामेटा निवासी शेखर उर्फ केकू (22 वर्ष), राकेश चौरे (23 वर्ष), सैफुल (20 वर्ष) और शिवम उर्फ छोटू (28 वर्ष) को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपियों में से शेखर उर्फ केकू का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है, जिसके खिलाफ परासिया और चांदामेटा थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र की पत्तियां, सोने के पेंडल, चांदी की पायल और बिछिया सहित भारी मात्रा में मशरूका जब्त किया है। इस कार्यवाही में देहात थाना पुलिस और साइबर सेल की विशेष भूमिका रही।