कौमी एकता की मिसाल: पूर्व सांसद नकुलनाथ ने ईदगाह पहुँचकर दी मुबारकबाद, प्रेस क्लब सहसचिव के निवास भी पहुँचे
छिंदवाड़ा। जिला मुख्यालय सहित पूरे अंचल में ईद-उल-फितर का त्यौहार अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर पूर्व सांसद नकुलनाथ ने शहर की बड़ी ईदगाह पहुँचकर मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर ईद की दिली मुबारकबाद पेश की। उन्होंने इस दौरान स्वयं और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की ओर से जिलेवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
पत्रकार के निवास पहुँचे नकुलनाथ
सांप्रदायिक सौहार्द के इस पर्व पर नकुलनाथ विशेष रूप से प्रेस क्लब सहसचिव एवं इंडिया न्यूज़ के सीनियर रिपोर्टर आफ़ाक हुसैन के निवास पहुँचे। यहाँ उन्होंने आफ़ाक हुसैन और उनके सपरिवार से भेंट कर ईद की खुशियाँ साझा कीं। इस दौरान नकुलनाथ के साथ उनके स्नेही स्वजन और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे और नगर निगम अध्यक्ष सोनू मागों सहित कांग्रेस नेता मौजूद रहे। 
छिंदवाड़ा: भाईचारे का गढ़
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए नकुलनाथ ने कहा:
“छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश का इकलौता ऐसा जिला है जहाँ दीपावली, होली, भुजलिया और ईद जैसे तमाम त्यौहार आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाए जाते हैं। यहाँ की कौमी एकता पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल है।”
