कांग्रेस का महा हस्ताक्षर अभियान —बढ़ते करों के खिलाफ जनता से समर्थन जुटाने सड़क पर उतरी कांग्रेस
नगर निगम क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे करों के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोलते हुए “महा हस्ताक्षर अभियान” की शुरुआत कर दी है। इस जनआंदोलन का शुभारंभ गांधी चौक (फव्वारा चौक) पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनता से सीधा संवाद करते हुए नगर निगम द्वारा लगाए जा रहे करों को जनविरोधी बताया और हस्ताक्षर जुटाने शुरू किए।इस अभियान के तहत शहर के सभी 48 वार्डों में घर-घर जाकर नागरिकों से हस्ताक्षर लिए जाएंगे और भाजपा शासित नगर निगम के निर्णय का विरोध दर्ज कराया जाएगा।
“महंगाई से टूटी कमर, अब करों ने किया बेहाल”
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा नगर निगम द्वारा जनता पर मनमाने कर थोपे जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों की आर्थिक स्थिति और भी खराब हो गई है। कांग्रेस ने अपने वक्तव्य में कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी या नगर निगम कांग्रेस के नियंत्रण में था, तब जनता पर करों का बोझ नहीं बढ़ाया गया। कमलनाथ और नकुलनाथ की नीतियाँ हमेशा जनहित में रहीं, जबकि वर्तमान भाजपा शासन में जनता को राहत के बजाय बोझ ही मिला है।
पैदल मार्च और बाजारों में समर्थन अभियान
कार्यक्रम की अगुवाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे और पांढुर्ना प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी ने की। कार्यकर्ताओं ने फव्वारा चौक से कन्या महाविद्यालय, गोलगंज, बुधवारी बाजार, इतवारी बाजार, गायत्री मार्केट, सब्जी मंडी और जिला अस्पताल तक पदयात्रा कर जनसंपर्क किया और हस्ताक्षर अभियान को गति दी।
वक्ताओं ने साधा भाजपा पर निशाना
गांधी चौक पर आयोजित सभा में आनंद बक्षी, पप्पू यादव, धर्मेंद्र सोनू मागो, नितिन उपाध्याय, राहुल मालवी और किरण चौधरी पार्षद आकाश मोखलगाय ने भाजपा की नीतियों की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कर वृद्धि जैसे फैसले जनता पर सीधा आघात हैं, जिसे अब जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
मंच का संचालन गुंजन शुक्ला और अभिषेक गुप्ता ने किया जबकि आभार सरला श्रीवास्तव ने व्यक्त किया।
इस आयोजन में जिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस सेवादल सहित सभी संगठनों के कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कांग्रेस का यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।